सभी जल स्रोतों को अपने घर जैसा स्वच्छ बनाएं : श्री राजपूत



जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतिम दिन गंगा आरती में शामिल हुए मंत्री श्री राजपूत

भोपाल। सभी जल स्रोतों को अपने  घर जैसा  स्वच्छ बनाएं।  खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने यह बात जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतिम दिन सागर में गंगा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में  कही। मंत्री श्री राजपूत ने सागर में गंगा मैया मंदिर में पहुंचकर माँ गंगा की पूजा अर्चना कर आरती की। उन्होंने कहा कि हम सभी को जल स्रोतों  के प्रति सजग एवं सतर्क रहना होगा। सभी जल स्रोतों को अपने घर के जैसा  स्वच्छ रखने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाना होगा।  जब हम सभी जागरूक होंगे तभी हमारे सभी प्राचीन एवं नवीन जल स्रोत  स्वच्छ एवं सुरक्षित रहेंगे।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रदेश के सभी  जल स्रोतों को स्वच्छ एवं साफ रखने का जो अभियान चलाया गया,  वह अभूतपूर्व है। सागर जिला सहित संपूर्ण प्रदेश के प्राचीन से प्राचीन जल स्रोतों का संरक्षण एवं संवर्धन किया गया। यह कार्य लगातार जारी रहेगा। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि पूर्व में हमारे पूर्वज श्रमदान पर विश्वास करते थे किंतु आज मशीनों के द्वारा कार्य किया जा रहा है। हम सबको अपने पूर्वजों के समय को याद करते हुए श्रमदान कर अपने आसपास के जल स्रोतों सहित सभी जगह साफ-सफाई का ध्यान देना होगा तभी प्रदेश स्वच्छ साफ एवं स्वस्थ होगा।
x

Comments