राज्य स्तरीय योगिनी अवॉर्ड एवं सम्मेलन का आयोजन 21 को भोपाल में



सम्मानित होंगी प्रदेश की योग शिक्षिका (योगिनी), कुछ अन्य हस्तियों का भी होगा सम्मान

भोपाल। एडुजीलाइफ (एजुकेशन फार गर्ल लाइफ) संस्था द्वारा पहला राज्य स्तरीय योगिनी अवार्ड एवं सम्मेलन का आयोजन राजधानी भोपाल में  21 सितंबर को किया जा रहा है। कार्यक्रम प्रातः 09 बजे से शाम 05 बजे तक मित्तल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के सभागार में भोपाल मेमोमोरियल अस्पताल के सामने आयोजित किया जाएगा।। उक्त जानकारी देते हुए एडुजीलाइफ संस्था की संस्थापक अध्यक्ष एवं इंडिपेंडेंट डायरेक्टर, आई एल,भारी उद्योग मंत्रालय दिल्ली डॉ आर एच लता ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय योगिनी अवार्ड का चौथा वर्ष है। इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य देश-विदेश में योग का व्यापकता से प्रसार-प्रचार और इस क्षेत्र में वर्षों से कार्य कर रही मातृशक्ति को उन्नत और उच्च सहयोग एवं संबल प्रदान करना है। डा लता ने बताया कि कार्यक्रम में अतिथि के रूप में श्रीमती कृष्णा गौर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण एवं विमुक्त घुमंतू और अर्धघुमंतु कल्याण विभाग, सुश्री निर्मला भूरिया मंत्री महिला एवं बाल विकास, 1008 महामंडलेश्वर स्वामी नरसिंह दास महाराज तथा विधायक सागर शैलेंद्र जैन, गुजरात से श्री प्रताप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे। डा लता ने बताया कि इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले से चयनित एक योग शिक्षिका जिसे हम योगिनी कहते हैं, उन्हें सम्मानित किया जाएगा, साथ ही इनका चयन करने वाली चयन समिति के सदस्यों का भी सम्मान किया जाएगा। चयन समिति के जूरी मेंबर्स में डॉ श्रीमती किरण सेजवार, जो बचपन से ही स्वयं सेविका है तथा मप्र के रीजनल हेल्थ डायरेक्टर से रिटायर हुई है। दूसरी मेंबर डॉ शैलजा तिवारी, अटल बिहारी वाजपेई हिंदी विश्वविद्यालय में योग की प्रोफेसर हैं। इसके अलावा डॉ वंदना गुप्ता सागर से स्वयं सेविका है और समाज के विभिन्न आयामों में काम कर रही हैं। इन सभी को सम्मानित किया जाएगा। डा वंदना गुप्ता द्वारा शंखनाद के साथ इस योगिनी अवार्ड का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा इस अवसर पर कुछ जागृत पत्रकारों का भी सम्मान किया जाएगा जो योग के प्रचार प्रसार में अपना योगदान दे रहे हैं। इनमें सुरेश उप्रेति, विनय उजाला के संपादक संदीप सिंह गहरवार और स्वदेश के संपादक अक्षत शर्मा,  द  क्लिफ न्यूज के संपादक राजीव त्रिवेदी सहित अन्य का भी सम्मान किया जाएगा। डा लता ने बताया कि विंध्य शिक्षा प्रचार समिति द्वारा संचालित एडुजी लाइफ प्रकल्प द्वारा इस अवार्ड का आयोजन हर वर्ष किया जा रहा है। 
राज्य स्तरीय योगिनी अवार्ड की आयोजन समिति की अध्यक्ष डा आर एच लता ने कहा कि हम सब मिलकर वैश्विक नीतियों और आत्मनिर्भरता को प्रभावित कर सकते हैं और जीवन के सभी क्षेत्रों में योगिनी के लिए अधिक समर्थन प्रदान करने के लिए इसे आकार दे सकते हैं। डॉ लता ने कहा कि देश में शिक्षा क्षेत्र के बाद सबसे अधिक महिलाएं योग के क्षेत्र में कार्य कर रही है। डॉ लता ने बताया कि भारत में विकसित भारत की प्रक्रिया के तहत नियोजित विभिन्न  क्षेत्रों को सहयोग करते हुए एडुजीलाइफ भारत के स्वर्णिम अमृत काल के लिए वचनबद्ध है।  इस भव्य कार्यक्रम के बारे में और बताते  हुए डा लता ने कहा कि प्रत्येक राष्ट्र की प्रगति आधी आबादी की संपन्नता और प्रसन्नता पर निर्भर करती है। योग के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी न केवल भारत बल्कि विश्व में भी अधिक है। इस योग की ऊर्जा को एडुजीलाइफ योगिनी अवार्ड और सम्मेलन के माध्यम से एकत्र करने का प्रयास कर रही है।

Comments