राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य: मध्यप्रदेश का वन्य जीव पर्यटन में नया आयाम

भोपाल । (समीक्षा एक्सप्रेस)। मध्यप्रदेश वन्य जीव पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना स्थित देवरी घड़ियाल केंद्र से चंबल नदी में 10 घड़ियालों (9 मादा और 1 नर) को उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ते हुए इस दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुरैना क्षेत्र को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंबल अभयारण्य को देश की अनमोल प्राकृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि यह दुर्लभ प्रजातियों के संरक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र है। जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को देखते हुए राज्य सरकार जैव विविधता संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

चंबल नदी में घड़ियालों का पुनर्वास और संरक्षण

वन विभाग के अनुसार, चंबल अभयारण्य में 2024 की गणना के अनुसार कुल 2,456 घड़ियाल मौजूद हैं। देवरी स्थित घड़ियाल पुनर्वास केंद्र में विभिन्न वर्षों के 288 घड़ियाल संरक्षित थे, जिनमें से 2025 में अब तक 98 घड़ियालों को उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा चुका है। इस पहल से घड़ियालों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है, जो संरक्षण प्रयासों की सफलता का प्रमाण है।

डॉल्फिन पुनर्वास की संभावनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि घड़ियालों के अलावा चंबल नदी में डॉल्फिन पुनर्वास की भी प्रबल संभावना है। वन विभाग इस दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है, जिससे जैव विविधता और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।


पर्यटन को नया आयाम: चंबल बोट सफारी

चंबल बोट सफारी को अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के बीच लोकप्रियता मिल रही है। यह सफारी पर्यटकों को घड़ियालों, डॉल्फिन और अन्य जलीय जीवों को नजदीक से देखने का अवसर प्रदान करती है।

मध्यप्रदेश में वन्य जीव पर्यटन की नई संभावनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार चंबल क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में वन्य जीव पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम कर रही है। साथ ही, माधव राष्ट्रीय उद्यान को टाइगर रिजर्व का दर्जा दिलाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य न केवल जैव विविधता संरक्षण का प्रतीक है, बल्कि यह मध्यप्रदेश को एक प्रमुख वन्य जीव पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Comments